Jun 9, 2009

श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने से पूर्व ही.........................

बदरीनाथ (चमोली)। श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने से पूर्व से ही अस्वस्थ चल रहे बदरीनाथ मंदिर के रावल बद्री प्रसाद नंबूदरी शुक्रवार सुबह मंदिर में पूजा अर्चना के बाद स्वास्थ्य लाभ के लिए दिल्ली रवाना हो गए। बदरीनाथ धाम के प्रति अगाध प्रेम आस्था रखने वाले रावल रवानगी से पूर्व भाव विभोर हो उठे और उन्होंने कहा कि वह स्वास्थ्य लाभ कर जल्द ही वापस बद्रीशपुरी लौटेंगे।

ज्ञातव्य है कि इस वर्ष भगवान बदरीविशाल के कपाट खोलने के बाद रावल बद्री प्रसाद नंबूदरी ने आगे की पूजा पाठ के लिए मंदिर के नायब रावल केशव प्रसाद नंबूदरी को जिम्मा सौंप दिया था। इसके बाद से रावल बदरीनाथ में ही निवास कर रहे थे, लेकिन स्वास्थ्य में खास लाभ न होने से आखिर में उन्हें बद्रीशपुरी छोड़ने का मन बनाना पड़ा। शुक्रवार को वह रिलायंस ग्रुप आफ कंपनी के मालिक अंबानी के हेलीकाप्टर से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। शुक्रवार सुबह मंदिर में पूजा अर्चना के बाद समिति व स्थानीय नागरिकों ने उन्हें पालकी में बैठाकर हेलीपैड तक छोड़ा। बद्रीशपुरी छोड़ने का मलाल रावल के चेहरे पर साफ झलक रहा था। हालांकि उन्होंने मंदिर में पूजा के दौरान स्वास्थ्य लाभ करने के बाद पुन: वापस लौटने की बात कही। हेलीपैड पर मंदिर समिति के कार्याधिकारी एलएन सती, नगर पंचायत अध्यक्ष धनेश्वर डांडी, राधाकृष्ण भट्ट, मुकेश अल्खनिया समेत बद्रीश पंडा पंचायत के लोग, हक हकूकधारी स्थानीय साधु समाज के लोग आदि मौजूद थे।

No comments: